Sunday 18 September, 2011

विवादों की गर्द, कल्पना का दलदल और इतिहास की गाड़ी



अभी कुछ समय पहले तक हिंदी के साहित्यिक विमर्श का दायरा केवल अपने तक सीमित था। साहित्य में साहित्येतर अनुशासनों की मौजूदगी घुसपैठ की तरह अवांछनीय थी। समाज विज्ञान, इतिहास, संस्कृति, पुरातत्त्व, संगीत आदि अनुशासनों के साथ संवाद और अंतर्क्रिया को इसमें अच्छी निगाह से नहीं देखा जाता था। अब हालात बदल रहे हैं। हिंदी के साहित्यिकों की समझ अब साहित्य की सीमा लांघ कर ज्ञान के साहित्येतर अनुशासनों तक पहुंच गई है। अब वे ज्ञान के दूसरे अनुशासनों की समझ के साथ साहित्य में हस्तक्षेप कर रहे हैं, जिससे साहित्य की दुनिया पहले की तुलना में अधिक समृद्ध ओर बड़ी हुई है। मुअनजोदड़ो विख्यात पत्रकार ओम थानवी की पहली किताब है। यह एक यात्रा वृत्तांत है जो इतिहास, संस्कृति और पुरातत्त्व की गहरी समझ के साथ लिखा गया है। खास बात यह है कि मुअनजोदड़ो को यह किताब ऐतिहासिक और पुरातात्त्विक के साथ सांस्कृतिक दिलचस्पी को केन्द्र में लाती है।

मुअनजोदड़ों की खोज से पारंपरिक भारतीय इतिहास का नक्शा बदल गया था। इतिहासकारों और पुरातत्त्ववेत्ताओं को इस खोज से अपनी धारणाओं में कई उलट-फेर करने पड़े। अब तक सर्वाधिक प्राचीन मानी जाने वाली वैदिक संस्कृति के साथ इसका तालमेल मुश्किल हो गया। किसी को भी यह समझ में नहीं आया कि सुमेरी सभ्यता के समकक्ष यह समृद्ध सभ्यता खत्म कैसे हो गई। इसकी लिपि अभी तक कोई पढ़ नहीं पाया। इतिहासकार और पुरातत्त्ववेत्ता इस संबंध में केवल कयास लगाते रहे, जिससे विवादों की झड़ी लग गई। लेखक के शब्दों में कहें तो सिंधु घाटी की सभ्यता को लेकर खुदाई कम हुई है, विवादों की जड़ें ज्यादा खोदी गई हैं।(पृ.109) हिंदी के साहित्यिक भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने मुअनजोदडो के इतिहास की गाड़ी को कल्पना के दलदल में घसीट लिया। लेखक ने इस वृत्तांत में इन विवादों और कल्पना के दलदल की विस्तार से पड़ताल की है। उसने उन पुनरुत्थानवादी प्रयासों को खारिज किया है, जो इस सभ्यता हिंदू सभ्यता साबित करना चाहते हैं। उसने पूरी तरह देशज इस सभ्यता की वर्तमान में निरंतरता के कुछ व्यावहारिक सूत्रों की भी खोज की है।

यह किताब शुरू यात्रा वृत्तांत से और खत्म पुरातात्त्विक विवेचन-विश्लेषण से होती है। किताब के शुरुआती पृष्ठों में कराची से मुअनजोदड़ो तक का यात्रा वृत्तांत है। यहां लेखक पाठकों के सिंध संबंधी ज्ञान और समझ को कभी पुनर्नवा तो कभी समृद्ध करता चलता है। वह स्थानीय सिंधी सहयात्री के सहयोग से सिंध को उसके अतीत और वर्तमान की जड़ों में जाकर समझने की कोशिश करता है। वह देखता है कि पूरे भारतीय उपमहाद्वीप में मुस्लिम राज सबसे पहले सिंध में कायम हुआ, मगर हिंदू-मुस्लिम फसाद वहां कभी नहीं हुए। वह इसके कारणों की तह में जाता है और पाता है एक तो सदियों पहले यहां कायम बौद्ध मत के सहनशीलता और करुणा की गहरी जड़े छोड़ जाने से और दूसरे सूफियों के प्रभाव के कारण ऐसा हुआ। (पृ.23) बंटवारे और आजादी के बाद सिंध में बड़े पैमान पर हुए जातीय दंगों के कारणों की पड़ताल करते हुए वह इस निष्कर्ष पहुंचता है कि यह सिंध में सिंधियों के हाशिए पर चले जाने कारण हुए। बंटवारे के बाद सबसे अधिक मुहाजिर उत्तर प्रदेश और पाक पंजाब से यहां आए, सिंधी आबादी यहां केवल आठ प्रतिशत रह गई और सिंधी भाषा की जगह उर्दू और अंग्रेजी ने ले ली। सिंध के लोगों ने इसे अपनी पहचान पर हमला समझा। जातीय अस्मिता की इस कशमकश में सिंध में ‘सिंधु देश’ के लिए ‘जिए सिंध’ आंदोलन उठ खड़ा हुआ। (पृ.25 ) कराची से मुअनजोदड़ो तक की इस बस यात्रा के दौरान आने वाले दो शहरों के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व से भी लेखक रूबरू करवाता है। उसकी इस यात्रा का पहला पड़ाव है सेवण। रुना लैला, आबिदा परवीन, नुसरत फतह अली खान और न जाने कितने और गायकों के मुंह से इस शहर का नाम सुना है, लेकिन इसके महत्व पर रोशनी अब लेखक डालता है। वह बताता है कि सेवण सूफी फकीर शाहबाज कलंदर का स्थान है, जिन्हें मुस्लिम पीर और हिंदू भर्तृहरि का अवतार मानते हैं।(पृ.31) लरकाणा, जिसे लेखक अपने स्थानीय सहयात्री के आग्रह पर सही लाड़काणा कहता है, के आते ही लेखक उसकी पहचान जुल्फीकार अली भुट्टो के शहर के रूप में करता है। बाद वह इसे सूफी गायिका आबिदा परवीन और फिल्मकार कुमार शाहनी के शहर के रूप में भी याद करता है।(पृ.34)

किताब के आगे के हिस्से के वृत्तांत में विवेचन और विश्लेषण का पुट आ जाता है। लेखक अब एक शोधार्थी की तरह पहले मुअनजोदड़ो के महत्व पर रोशनी डालता है। उसके अनुसार यहां की खुदाई से रातों-रात भारत के इतिहास का नक्शा बदल गया।(पृ.38) यही बात बहुत पहले रोमिला थापर ने भी कही थी। उनके अनुसार इस खोज से पारंपरिक भारतीय इतिहास का प्रारंभिक भाग पौराणिक कहानी बनकर रह गया। लेखक के अनुसार सौ साल पहले भारत का दुनिया में महज दावा था कि उसकी सभ्यता प्राचीन है लेकिन सिंधु घाटी के हड़प्पा और मुअनजोदड़ो की खुदाई ने इस दावे को हकीकत में बदल दिया।(पृ38.) उसके अनुसार सिंध के मुअनजोदड़ो, पाक-पंजाब के हड़प्पा, राजस्थान के कालीबंगा और गुजरात के लोथल व धौलावीरा की खुदाई में हासिल पुरावशेषों ने यह अच्छी तरह साबित कर दिया कि सिंधु घाटी समृद्ध और व्यवस्थित नागर संस्कृति थी। उसके निवासी उन्नत खेती और दूर-दूर तक व्यवसाय करते थे। वे उपकरणों का इस्तेमाल करते थे, शुद्ध नाप-तौल जानते थे और उनका रहन-सहन और नगर नियोजन उन्नत किस्म का था। लेखक को इस सभ्यता की जो बात सबसे महत्वपूर्ण लगती है वो यह कि इसमें साक्षरता, सुरुचि और संपन्नता थी। इस सभ्यता के सौंदर्यबोध से भी वह अभिभूत है। वह इसके लिए यहां मिली बहुचर्चित याजक नरेश और कांसे से निर्मित निर्वसन नर्तकी युवती का विस्तृत वर्णन करता है। लेखक यहीं मोएनजोदड़ो, मोहनजोदड़ो आदि प्रचलित नामों के स्थान पर इस स्थान के असल नाम मुअनजोदड़ो का भाषायी अर्थ भी स्पष्ट करता है। वह लिखता है, मुआ यानि मृत.. बहुवचन में मुअन, मुआ का सिंधी प्रयोग है। दड़ा माने टीला। मुअन-जो-दड़ो: मुर्दो का टीला। (पृ.44) मुअनजोदड़ो का महत्व स्थापित कर देने के बाद लेखक इस स्थान की खोज और इसमें लगे लोगों की मेहनत का सिलसिलेवार ब्योरा देता है। 1924 ई. में सामने आए मुअनजोदड़ो की खोज का श्रेय आम तौर पर भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण के तत्कालीन महानिदेशक जॉन मार्शल को दिया जाता है, लेकिन लेखक मानता है कि महानिदेशक के रूप में उन्होंने खुदाई और खोज का नेतृत्व तो किया, लेकिन हड़प्पा और मुअनजोदड़ो की खुदाई का काम भारतीय पुरातत्त्ववेत्ताओं ने ही किया। हड़प्पा में यह काम हीरानंद शास्त्री ने 1909 ई. में, जबकि मुअनजोदड़ो में यह काम राखालदास बंद्योपाध्याय ने 1922-23 ई. में किया। मुअनजोदड़ो में बंद्योपाघ्याय के बाद माधोस्वरुप वत्स और काशीनाथ दीक्षित ने भी खुदाई करवाई।

मुअनजोदड़ो का मुआयना लेखक ने बहुत बारीकी और विस्तार से किया है। यह एक पुरातत्ववेत्ता और इतिहासकार के साथ एक साहित्यकार का मुआयना भी है। वह कहता है कि मुअनजोदड़ो की खूबी यह है कि इस आदिम शहर की सडकों और गलियों में आप आज भी घूम-फिर सकते हैं। यहां का सभ्यता और संस्कृति का सामान चाहे अजायबघरों की शोभा बढ़ा रहा हो, शहर जहां था अब भी वहीं है। आप इसकी किसी भी दीवार पर पीठ टिका कर सुस्ता सकते हैं। वह कोई खंडहर क्यों न हो, किसी घर की देहरी पर पांव रखकर सहसा सहम जा सकते हैं, जैसे भीतर कोई अब भी रहता है। (पृ.50) मुअनजोदड़ो की इमारतों, सड़कों का आदि का विवरण इस किताब में इस तरह है कि आपको यह जीवंत नगर की तरह लगता है। यह विवरण इतिहास और पुरातत्त्व की किताबों में भी है, लेकिन यहां एक कृतिकार की आंख से देखा गया विवरण है। उसके अनुसार सिंधु नदी के दाहिने तट पर पांच किलोमीटर के विस्तार में फैला हुआ यह 2600 ई.पू का यह नगर दो भागों में बंटा हुआ है। दुर्ग टीले के पश्चिमी भाग में स्थित सार्वजनिक महत्व के भवनों का इलाका गढ़ कहलाता है, जिसमें सभा भवन, ज्ञानशाला, अन्नागार और स्नानागार हैं। दुर्ग टीले के सामने आबादी वाला शहर है। नगर नियोजन की यह पद्धति बाद में भी दिखाई पड़ती है। लेखक का मानना है कि यह रास्ता दुनिया को मुअनजोदड़ो ने दिखाया लगता है।(पृ.53) लेखक इन सभी इमारतों और बस्तियों का जायजा लेता है। अपने मूल स्वरूप के बहुत नजदीक तक बचे हुए स्नानागार की पड़ताल लेखक ने अपेक्षाकृत विस्तार से की है। उसके अनुसार यह सिद्ध वास्तुकला का उदाहरण है।(पृ.55) मुअनजोदडो का नगर नियोजन और अवजल निकासी प्रबंध खास तौर पर लेखक का ध्यान अपनी ओर खींचते हैं। मुअनजोदड़ो के आबादी वाले इलाके का कोई घर सड़क पर नहीं खुलता। उनके दरवाजे अंदर गलियों में है। लेखक कहता है कि नगर नियोजन यही शैली आधुनिक शहर चंडीगढ़ में ली कार्बूजिए ने इस्तेमाल की है।(पृ.61) मुअनजोदड़ो के घरों से गंदे पानी की निकासी के लिए बनी होदियों और नालियों के जाल पर लेखक अमर्त्य सेन के शब्द उधर लेकर कहता है कि मुअनजोदड़ो के चार हजार साल बाद तक अवजल निकासी की ऐसी व्यवस्था देखने में नहीं आई।(पृ.63) यहां कुंओं की मौजूदगी के संबंध में वह इरफान हबीब को उद्घृत करता है जो लिखते है कि सिंधु घाटी की सभ्यता संसार में पहली ज्ञान संस्कृति है, जो कुंए खोदकर भूजल तक पहुंची।(पृ.63) बस्ती में घूमते हुए उसका ध्यान इस ओर जाता है कि एक तो कुओं को छोडकर सब कुछ चौकोर या आयताकार है और दूसरे, कमरे आकार में बहुत छोटे हैं और खिड़कियों और दरवाजों पर छज्जे नहीं है। वह इस संबंध में कयास तो लगाता है, लेकिन किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचता। मुअनजोदड़ो के संग्रहालय का जायजा लेते हुए लेखक का ध्यान कुछ और बातों पर भी जाता है। एक तो वहां प्रदर्शित चीजों में कोई हथियार नहीं है और दूसरे इन चीजों में प्रभुत्व या दिखावे का तेवर नदारद है। हथियार नहीं होने के संबंध में वह विशेषज्ञों की राय को आधार बनाकर निष्कर्ष निकालता है कि वहां अनुशासन शक्ति आधारित नहीं था। दिखावे का तेवर नहीं होने के संबंध में लेखक का मत है कि यह लो-प्रोफाइल सभ्यता थी, जो लघुता में भी महत्ता का अनुभव करती थी।(पृ.75) मुअनजोदड़ो से जुड़ी उन दो चर्चित गुत्थ्यिों से लेखक भी रूबरू होता है, जिनसे अब तक सभी पुरातत्त्ववेत्ता और इतिहासकार रूबरू हो चुके हैं और कोई निष्कर्ष निकालने में असफल रहे हैं। पहली गुत्थी यह है कि सिंधु सभ्यता खत्म कैसे हो गई। अत्यधिक भूमि दोहन, भूकंप-बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा, जंगलों का विनाश और व्यापार शैथिल्य जैसे कई संभावित कारणों पर विचार के बाद लेखक ताजा भूगर्भगीय अध्ययनों के हवाला देते हुए संभावना व्यक्त करता है कि इसका विनाश समुद्र का स्तर ऊपर उठने से हुआ होगा। समुद्र का स्तर ऊपर उठने से सिंधु का प्रवाह धीमा हो गया होगा और उसमें खेतों में गाद भर गई होगी, जिससे क्षार बढ़ गया होगा।(पृ.83) दूसरी ज्यादा पेचीदा गुत्थी यह है कि वैदिक संस्कृति और सिंधु सभ्यता का संबंध किस तरह का है। दरअसल इस सभ्यता की खोज ने भारतीय इतिहास का ढांचा इस तरह बदला है कि उसके इस आरंभिक चरण को परवर्ती चरणों से जोडना मुश्किल काम हो गया। पुनरुत्थानवादी इतिहासकारों और कल्पनाजीवी साहित्यकारों ने कल्पना की घुड़दोड़ से अर्थ का अनर्थ कर दिया है। लेखक इस संबंध में कोई निष्कर्ष निकालने के बजाय यही कहता है कि अगर देशज-विदेशज की भावुकता के जंजाल में न पड़ें, तो वैदिक संस्कृति और सिंधु सभ्यता, दोनों, भारत के इतिहास की शान है।(पृ.87) लेखक सिंधु सभ्यता की तीसरी गुत्थी उसकी अबूझ लिपि को समझने के प्रयासों का ब्यौरा भी देता है, लेकिन इस संबंध में उसका मत है कि लिपि का रहस्य सिंधु सभ्यता की खोज के पहले जहां था, आज भी वहीं है।(पृ.89) वृत्तांत के उत्तरार्द्ध में लेखक ने सिंधु घाटी सभ्यता के साहित्य में इस्तेमाल की भी खोज-खबर ली है। उसका कहना है कि साहित्य के लोगों ने पुरातत्त्व और इतिहास के लोगों की तुलना में इस संबंध में ज्यादा लिखा है लेकिन पुरातत्त्व का लाभ न उठा पाने से हिंदी में सांस्कृतिक इतिहास की चर्चा अप्रामाणिक ही नहीं, कही-कहीं नितांत काल्पनिक हो गई है।(पृ.93) लेखक ने वासुदेवशरण अग्रवाल की भारतीय कला संबंधी एकाधिक स्थापनाओं को पुरातात्त्विक साक्ष्यों से पुष्ट नहीं होने के कारण गलत माना है। रामविलास शर्मा द्वारा किए गए सिंधु सभ्यता और वैदिक संस्कृति के बेमेल गठजोड़ की भी उसने जमकर खबर ली है। रामविलास शर्मा की यह धारणा कि वैदिक संस्कृति सिंधु सभ्यता से प्राचीन थी लेखक के अनुसार बलूचिस्तान की पहाड़ियों में मिले लगभग नौ हजार साल पहले के सिंधु सभ्यता के शुरुआती दौर के प्रमाण मिलने से निराधार हो जाती है।(पृ.97) डी. डी. कोसांबी और राहुल सांकृत्यायन की आर्य आक्रमणों से सिंधु सभ्यता के विनाश की धारणा को भी लेखक पुरातत्त्व सम्मत नहीं मानता। उसके अनुसार हमले की परिकल्पना प्रत्यक्ष और पारिस्थितिक साक्ष्य से निर्मूल साबित हुई है।(पृ.103) साहित्य में हुए सिंधु सभ्यता के इस्तेमाल के संबंध में अंत में यहीं निष्कर्ष निकलता है कि इतिहास की गाड़ी को कल्पना के घोड़े लगाकार दलदल में फंसाया जा सकता है।(पृ.104)

कराची से मुअनजोदड़ों तक की यात्रा का वृत्तांत और इस बहाने मुअनजोदड़ों और सिंधु सभ्यता की यह मीमांसा कई मायनों में खास है। यह हमारे ज्ञान और समझ को पुर्ननवा करती है और उसमें बहुत कुछ नया भी जोड़ती है। वृत्तांत के आरंभ में लेखक ने वा में उडने और जमीन पर चलने में फर्क होने की जो बात कही है, वह अंत तक उसके जेहन में रही है। उसने आद्यंत हवा में उडने के बजाय अपने पांव पुरातात्त्विक तथ्यों की जमीन पर मजबूती से टिकाए रखे हैं। साहित्यिक संस्कारों के बावजूद उसने अपने कल्पना के घोड़ों को दौडने नहीं दिया है। मुअनजोदड़ो और सिंधु सभ्यता संबंधी अपने विवेचन-विश्लेषण में वह उन सब मत-मतांतरों और संभावनाओं का ब्योरा देता है, जो अब तक सामने आए हैं। खास बात यह है कि वह न तो झटके से किसी खारिज करता है और न ही जल्दबाजी में कुछ स्वीकार करता है। इस संबंध में पुरातत्ववेत्ताओं और इतिहासकारों के बीच जो मामले अभी अनिर्णीत हैं, वह उनका केवल ब्योरा देकर आगे बढ़ जाता है। इस सभ्यता की लिपि और रुपांतरण को लेकर उसका रवैया ऐसा ही है। अपनी तरफ से कोई टिप्पणी करने में उसने बहुत संयम बरता है। जहां उसने टिप्पणी की है वहां उसका नजरिया एकदम तथ्यपरक है। इस संबंध में उसने अपने पर्यवेक्षण और अनुभव के साक्ष्य दिए है। सिंधु सभ्यता और उसके बाद विकसित वैदिक संस्कृति की सांस्कृतिक संरचना अलग-अलग है, लेकिन भारतीय जीवन दृष्टि में सिंधु सभ्यता की निरंतरता संबंधी कुछ अंतर्सूत्र उउसने अपनी तरफ से दिए हैं। ये अंतर्सूत्र उसके अपने पर्यवेक्षण पर आधारित हैं। शांति, अहं का विलय, कला के लघु रूप और प्रकृति सानिध्य, सिंधु सभ्यता की ये कुछ बातें भारतीय जीवन दृष्टि में लेखक अनुसार आज भी है। लेखक इसके कुछ और मुखर और प्रत्यक्ष साक्ष्य भी देता है। वह कहता है कि हम आज भी ईंटें उसी आकार में और वैसे ही सेंक कर बरतते है जैसे 5 हजार साल पहले बरती गई थी। खेत, हल, सिंचाई, फसलें, बैलगाडियां, गहने, घर, कुएं, जलनिकास, कला व शिल्प की अनेक परंपराए आज भी वैसी ही चली आती हैं, जैसी तब थीं। मुअनजोदड़ो की ‘नर्तकी’ के बाएं हाथ में कलाई से कंधे तक जो ‘चूड़ा’ है वह भारत और पाकिस्तान के थार में औरतों के हाथों पर आज भी इसी रूप में देखा जा सकता है।(पृ.112) इन अंतर्सूत्रों को आधार बनाकर यह निष्कर्ष निकालना आसान है कि यह सभ्यता खत्म नहीं हुई, इसका रुपांतरण हुआ, लेकिन लेखक ऐसी कोई टिप्पणी करने से भी बचता है। नवीनतम अन्वेषण भी यही कहते है कि सिंधु नदी के बहाव में बदलाव के कारण लोग इस कृषि प्रधान सभ्यता के नगरों को छोडकर भोजन की तलाश यहां-वहां बिखर गए होंगे और उन्होंने ‘कुछ छोडकर और कुछ जोडकर’ जीवन का सिलसिला जारी रखा होगा। लेखक ने एक जगह लिखा भी है कि संस्कृतियां इसी तरह कुछ छोड़ते और जोड़ते हुए आगे बढ़ती है। (पृ.112)

वैदिक संस्कृति से इस सभ्यता की भिन्नता संबंध में पुरातत्त्ववेत्ता और इतिहासकार लगभग एक राय हैं। वैदिक संस्कृति में इस सभ्यता की निरंतरता नहीं होना लेखक को भी विस्मित करता है। लेखक ने अपने पर्यवेक्षण और पुरातत्त्ववेत्ताओं के साक्ष्य से एक संकेत किया है कि यह सभ्यता समाज पोषित थी।(पृ.78) कहीं ऐसा तो नहीं कि वैदिक सभ्यता भी समाज पोषित सभ्यता हो और उपलब्ध साहित्यिक साक्ष्यों की धुंध में उसका यह रूप दब गया हो। यह तो तथ्य है कि वैदिक सभ्यता की अवधारणा के विकास में पुरातात्त्विक साक्ष्यों के साथ साहित्यिक साक्ष्यों की निर्णायक भूमिका है। साहित्यिक साक्ष्यों में कल्पना और आदर्श का पुट आ ही जाता है, यह लेखक ने भी स्वीकार किया है।(पृ.104 ) ब्राह्मण साहित्यिक साक्ष्य दैनंदिन सामाजिक वास्तविकता से कटे हुए थे, यह भी अब सिद्ध हो गया है। वैदिक सभ्यता को साहित्यिक साक्ष्यों से अलग पुरातात्त्विक और ऐतिहासिक साक्ष्यों के आधार नए सिरे से देखा-परखा जाए तो शायद उसके समाजपोषित होने के साक्ष्य वहां भी मिले। उपनिवेशकाल से पहले हमारी संस्कृति की जीवंतता में समाजपोषण की सर्वोपरि भूमिका थी, इधर के नए अन्वेषणों का निष्कर्ष भी यही है।

आर्य बाहर से आए थे, यह धारणा हिंदुत्ववादी मंसूबों के अनुकूल नहीं थी, इसलिए हड़प्पा और मुअनजोदड़ो की खोज से वे सक्रिय हो गए। उन्होंने ऋग्वैदिक सभ्यता को खींच- खांचकर हड़प्पा पर लाद दिया। विडंबना यह है कि इस संबंध में हिन्दुत्ववादी, मार्क्सवादी और आर्यसमाजी, सब एक हो गए।(पृ.104) हिंदी में रामविलास शर्मा और भगवानसिंह के अन्वेषण की दिशा भी कमोबेश यही थी। यह अच्छी बात है कि लेखक ने सजगतापूर्वक अपनी पडताल की दिशा पुनुरुत्थानवादी नहीं होने दी है। उसने बहुत तार्किंग ढंग से इन सभी प्रयासों की निरर्थकता भी सिद्ध की है। हिंदुत्ववादी ताकतों द्वारा सिंधु सभ्यता को सिंधु-सरस्वती सभ्यता नाम देने का भी उसने विरोध किया है। उसके अनुसार सरस्वती वेदों में जरूर है पर उसका भौतिक और ऐतिहासिक पक्ष अभी खोज के दायरे में है।(पृ97.) वैदिक सभ्यता को हड़प्पा से भी पहले स्थापित करने की रामविलास शर्मा को धारणा भी उसके अनुसार बहुत काल्पनिक है।(पृ.96) नए पुरातात्त्विक साक्ष्य उसके अनुसार इस धारणा के एकदम उलट है।

मुअनजोदड़ो के ऐतिहासिक और पुरातात्त्विक महत्व पर तो विश्व भर के विशेषज्ञों को ध्यान गया है, लेकिन लेखक की खूबी यह है कि उसने उसके सांस्कृतिक महत्व पर भी रोशनी डाली है। उसके अनुसार यह भारतीय उपमहाद्वीप की साझा विरासत है।(पृ.113) विभाजन के बाद इसका महत्व और बढ़ गया है। यह अलगाव और मतभेदों के बीच भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश की सभ्यता के एक होने का सबूत है। लेखक के शब्दों में हमारी विविधता में यह एक केन्द्रीय सूत्र है। (पृ.113) लेखक ने इस संबंध में सिंध के एक नेता का बहुत अर्थपूर्ण कथन उद्घृत किया है जो कहता है कि हम चंद दशकों से पाकिस्तानी हैं, कुछ सदियों से मुसलमान, मगर हजारों साल से सिंधी हैं।(पृ.113)

वृत्तांत का गद्य शानदार है। विवेचन-विश्लेषण और विचार के लिए हिंदी में इस्तेमाल किए जानेवाले भारी भरकम और जलेबीदार वाक्यों वाले गद्य से एकदम अलग, यह छोटे-छोटे वाक्यों वाला, बोलचाल की नाटकीयता से भरपूर बहता हुआ गद्य है। कुछ अटपटे शब्द प्रयोग, जैसे अनुकूलित वायु, अवजलनिकासी आदि चुभते हैं। ये इस किताब की भाषा की प्रकृति के अनुकूल नहीं हैं। धर्मेन्द्र पारे के रेखाचित्र वृत्तांत को पढने-समझने बहुत मदद करते हैं, अलबत्ता इनके शीर्षक नहीं होने से कई बार मुश्किल जरूर होती है। पाठक को रुक कर इनके संबंध में कयास लगाना पड़ता है

समीक्ष्य पुस्तक: मुअनजोदडो, वाणी प्रकाशन, 4695, 21, दरियागंज, नई दिल्ली-110002, प्रथम संस्करण, 2011, पृ.118, मूल्य: 200 रुपए

अक्सर, जुलाई-सितंबर, 2011 में प्रकाशित

Tuesday 12 April, 2011

कहानीकार की समाज विवेचना

साहित्य से जुड़े शाश्वत और ग्लोबल किस्म के विषयों में विचार-विमर्श का कोलाहल तो हिन्दी में बहुत है, लेकिन इसमें हमारी जिंदगी को सीधे और तत्काल प्रभावित करने वाले सामान्य मुद्दों पर गंभीर विचार विमर्श और लेखन नहीं के बराबर है। हिंदी के अधिकांश बड़े रचनाकारों का हमारी जिंदगी को बदलने-बनाने में निर्णायक योग देने वाले फिल्म, टीवी, फैशन, संगीत, बाजार आदि मुद्दों पर नजरिया अनदेखी या उपेक्षा का है। वे इन मुद्दों पर विचार और लेखन में अपनी हेठी समझते हैं। इस मामले में नामचीन कथाकार स्वयंप्रकाश का नजरिया शुरू से ही अलग है। उन्होंनेअ अपने कथाकर्म के साथ हमारे देनंदिन जीवन से सीधे जुड़े सरोकारों और समस्याओं पर बहुत मनोयोग और गंभीरता से निरंतर लिखा है। उनकी समय-समय पर लिखी गईं इन आलेख-टिप्पणियों को ही उनकी इस नयी किताब एक कहानीकार की नोट बुक में संकलित किया गया है। इन आलेख-टिप्पणियों में आम हिंदी लेखकों से अलग स्वयंप्रकाश कि अपने समय और समाज पर विचार करते हुए न तो सभी तरह के परिवर्तनों के प्रतिरोध में खड़े होते हैं और न ही किसी नॉस्टेलजिया की गिरफ्त आते हैं। इन आलेख-टिप्पणियों की भाषा भी हिंदी में विचार के लिए आम तौर पर प्रयुक्त पत्थर तोड़ ठोस-ठस भाषा से अलग, बोलचाल के छौंकवाली कहानीकार की सरल और सहज भाषा है।

स्वयं प्रकाश की सोच का दायरा बहुत विस्तृत है। संस्कृति पर विचार करते हुए वे सरकारी हलकों इसको केवल रूपंकर कलाओं का पर्याय और पर्यटन का हिस्सा मान कर इसमें से विचार को बाहर कर देने पर चिंतित हैं। उनके अनुसार रूपंकर कलाओं में विचार और मतभेद के गुंजाइश कम हैं, इसलिए इनका विकास अवरुद्ध है और ये अभी तक मध्यकाल में ही रुकी हुई हैं। कुछ लोगों द्वारा योजनाबद्ध ढंग से संस्कृति में असहमति को असहिष्णुता में बदलने की कशिशों का वे विरोध करते हुए वे कहते हैं कि असहमति भी विचार का एक आयाम है। उनके शब्दों मे “असहमति की अनुपस्थिति रेजीमेंटेशन, दमन और तानाशाही की सूचक होती है।”(पृ.10) भारत को विश्व का सबसे बड़ा बाजार मानकर खुश होने वालों से स्वयं प्रकाश असहमत हैं। वे नियंत्रण मुक्त और स्वेच्छाचारी बाजार की हिमायत करने वालों से अपनी धारणा के औचित्य पर पुनर्विचार का आग्रह करते हैं। उनके अनुसार मुनाफे के लिए जानवर बन जाना बाजारवाद है और इसकी पुष्टि के लिए वे दैनन्दिन जीवन के उदाहरण देते हैं। वे कहते हैं कि बाजार के पशुवत आचरण के कारण ही साहित्य में इसका विरोध तेजी से बढ़ रहा है(पृ.13) स्वयं प्रकाश इस किताब में हिंदू हित बात करने वालों की भी अलग ढ़ंग से खबर लेते हैं। वे यह नहीं कहते कि वे क्या करते हैं। वे यह कहते हैं कि यह-यह करना उनका दायित्व है, लेकिन वे इससे भाग कर वो सब करते हैं, जो उन्हें नहीं करना चाहिए। वे हिंदुओं के वैयक्तिक और सामाजिक जीवन से सीधे जुड़े मुद्दों को पाठकों के सामने सिलसिलेवार रखते जाते हैं, जिनकी हिंदू हित की बात करने वालों ने अब तक उपेक्षा की है। अंत मे वे धर्म, संस्कृति और परंपरा की बार-बार दुहाई देनेवाली और क्रांतिकारी सोच रखने वाली ताकतों में किसी एक को चुनने विकल्प पाठकों पर छोड़ देते हैं।(पृ.17) नास्तिक जीवन शैली पर विचार करते हुए वे कहते हैं कि आस्तिक ईश्वर को सिर्फ मानता है, जबकि नास्तिक ईश्वर को मानता भी है और जानता भी है। ईश्वर मनुष्य का उससे अधिक बुद्धिमान और शक्तिशाली निर्माण उनके अनुसार वैसे ही है जैसे गायों का कल्पित ईश्वर किसी बलशाली सांड जैसा होगा।(पृ.19) स्वयं प्रकाश को कलाओं में अराजक किस्म का स्वेच्छाचार भी परेशान करता है, जिसको कुछ लोग लोकतंत्र कह कर जायज ठहराते नजर आते हैं। कलाओं में शास्त्रीय अनुशासन सामंती युग के अवशेष हैं, इसलिए इसके टूटने से वे विचलित नहीं है, लेकिन उनकी चिंता यह है कि अपनी सारी क्षमता और प्रतिभा लगाकर भी आजकल कलाकार कुछ नया और मौलिक करने के बजाय अनुकरण में लगे हुए हैं।(पृ.25) मंचीय कविता के विलुप्त हो जाने पर हिंदी में शायद ही किसी ने विचार किया हो, पर स्वयं प्रकाश इअस कितब में करते हैं। वे सातवें और दसवें दशक के दृश्यों को सिलसिलेवार रखकर कविता की वाचिक परंपरा के फूहड़ हास्य और चूटकलेबाजी तब्दील जाने के यथार्थ से पाठकों को रूबरू करवाते हैं। वे इसके लिए आधुनिक हिंदी कवियों को भी जिम्मेदार ठहराते हैं, जिन्होंने जनता को कविता सुनाना घटिया काम समझकर तीसरे-चौथे दर्जे के कवियों के लिए मंच छोड़ दिया है।(पृ.28) टीवी स्वयं प्रकाश की निगाह में हमारे समाज में हुए वेल्यूशिफ्ट का महत्वपूर्ण उपकरण सिद्ध हुआ है। वे इसके सम्मोहक और निर्णायक प्रभाव से होने वाले सकारात्मक और नकारात्मक, दोनों प्रकार के परिणामों की तह में जाते हैं। टीवी बच्चों में लिप्सा और इकलखुरेपन को बढावा देता है, लेकिन वे इस सच्चाई को भी स्वीकार करते हैं कि यह जाने के लिए नहीं आया है। इंटरनेट को भी उनके अनुसार आने से रोका नहीं जा सकता। वे इनका विरोध करने वालों की खबर लेते हुए लिखते हैं कि “एक तरफ आप सूचना के अधिकार के लिए संघर्ष करते हैं और दूसरी तरफ क्रांति के विरुद्ध विश्वामित्र बनने की चेष्टा करते हैं।” (पृ.32) फिल्म संगीत में सुरुचि में निरंतर गिरावट से भी वे चिंतित है, लेकिन रीमिक्स की, जैसा अक्सर बुद्धिजीवी करते है, वे आलोचना नहीं करते। आर. डी. बर्मन के संगीत का रीमिक्स उनके अनुसार युवा पीढ़ी को अच्छा लगता है, क्योंकि यह अपने समय में भी सामंती परिवेश से विद्रोह और लोकतंत्र की अभिव्यक्ति था। आर. डी. बर्मन के रीमिक्स धुनों की लोकप्रियता के बारे मे उनकी धारणा है कि यह अतीत की मिठास के संरक्षण के साथ आधुनिकता की खिड़कियां खोलने जैसा है।(पृ.35) स्त्री और दलित विमर्श के बारे में स्वयं प्रकाश का नजरिया एकदम खांटी मार्क्सवादी है। उन्हें जेंडर युद्ध या पितृसता का विरोध सत्ता के विमर्श का ही दूसरा रूप लगता है। इसकी पुष्टि में वे कहते हैं कि सत्तासीन होते ही स्त्री ठीक उसी तरह व्यवहार करने लगती है जिस तरह से सत्तासीन पुरुष करता है। दलित विमर्श के संबंध में भी स्वयं प्रकाश इसी तरह सोचते हैं। कुछ दलित समर्थेकों का यह तर्क कि दलित ही दलित की कथा लिख सकता है, उन्हें सिरे से गलत लगता है। वे इसी तर्क को आगे तक खींचते हुए लिखते हैं कि “मैं मुर्गी की कहानी लिखना चाहूंगा तो आप कहेंगे मुर्गी की कहानी लिखनी है तो पहले अंडा देकर दिखाओ।” वे इन दोनों विमर्शों के संबंध में इस निष्कर्ष पर पहुंचते है कि “जेंडर, जाति, स्थानीयता या संख्या की चेतना का विस्तार वर्ग चेतना को कहीं न कहीं कुंठित करता है।”(पृ.115) इस तरह की सजगता उन्हें हिन्दी की जनवादी-प्रगतीशील कहानी को भीतर से तोड़ने का षडयंत्र लगती है। वे लिखते हैं कि “अब इसे भीतर से तोड़ने की कोशिश की जा रही है। स्त्रियो! तुम इनसे विलग हो जाओ। दलितो! तुम इनसे अलग हो जाओ। इनसे कुट्टी कर लो। देखो हमारी मुठ्ठी में क्या है? आओ, आओ, आओ! शाबाश!” (पृ.105) लोकप्रिय धारावाहिक जस्सी जैसा कोई नहीं पर टिप्पणी में वे इसमें अंतर्निहित साम्राज्यवादी ताकतों के खेल को उजागर करते हैं। वे पाते हैं कि यह लोकप्रिय धारावाहिक मध्यवर्ग को साम्राज्यवादी ताकतों के प्रति वफादार रहने को प्रेरित करता है। अपनी एक और टिप्पणी ‘आदमी में नुक्स है’ में स्वयं प्रकाश टी.वी. चैनलों पर दिखाए जाने वाले एलिमिनेशन गेम्स में अंतर्निहित बारीक पूंजीवादी स्वार्थ को समझने की कोशिश करते हैं। वे कहते हैं कि यह आदमी को उसकी कमतरी का अहसास दिलाने और फुसलाने का तरीका है। वे लिखते हैं कि “उन्हें उनकी कमतरी और नकारापन का का अहसास दिलाओ। उनसे खुद पूछो कि तुम्हीं बताओ कि तुम में से सबसे ज्यादा नकारा कौन है?” (पृ.134) वे इसी टिप्पणी में कारपोरेट क्षेत्र की लोकप्रिय पुस्तकों हू मूव्ड माय चीज और रिच डैड पुअर डैड जैसी किताबों में पूंजीवादी जीवन दर्शन के प्रचार-प्रसार असलियत रोशनी डालते हैं। हू मूव्ड माय चीज का निष्कर्ष उनके शब्दों में यह है कि “इतिहास और परंपरा पर खाक डालो, समतावादी न्यायपूर्ण समाज की रचना का स्वप्न छोड़ दो, क्षणजीवी बन जाओ और जितना संभव हो उपभोग करो।”(पृ.134) रिच डैड पुअर डैड का संदेश उनके अनुसार यह कि “पैसे के लिए काम मत करो, पैसे को अपने लिए काम करने दो।”(पृ.136) ‘मन में चावै, मूंड हिलावै’ टिप्पणी में स्वयं प्रकाश हिंदी लेखक समाज के पुरस्कारों के संबंध में दोहरे रवैये की अरुंधती राय को मिले बुकर सम्मान के बहाने आलोचना हैं। वे कहते हैं कि “पुरस्कारों को धिक्कारते सब हैं, लेकिन कोई यह घोषणा नही करता कि मुझे मिलेगा तो मैं नहीं लूंगा। फिर वितृष्णा के इस पाखंड की भी क्या जरूरत है?”(पृ.110)

पुस्तक में स्वयंप्रकाश ने अपने समय के साहित्यिक सरोकारों और माहौल पर भी विचार किया है। खास तौर पर अपने अनुशासन कहानी के संबंध में इस पुस्तक में उनके एकाधिक लेख और टिप्पणियां हैं। वे यह स्वीकार करते हैं कि लंबे समय तक केवल संघर्ष को सरोकार बना लेने से हिंदी कहानी में प्रेम की उपेक्षा हुई है। कथादेश और लोकायत पत्रिकाओं के प्रेमकथा विशेषांकों में प्रकाशित कहानियों में वे पहले क्या नहीं है और क्या है का ब्यौरा पेश करते हैं और फिर कहानीकारों के ‘डूब कर’ प्रेम कथाएं न लिख पाने के कारणों की तह में जाते हैं। इसके कारण गिनाते हुए वे कहते हैं कि एक तो हिंदी भाषी समाज भयानक रूप से दमित-कुंठित और वर्जनाग्रस्त है दूसरे, यह असहिष्णु और हिंसा प्रेमी है। इस कारण हिन्दी का कहानीकार का नजरिया इस संबंध में दो टूक नहीं है। वे ज्ञान चतुर्वेदी के शब्दों में कहते हैं कि “सब दिखाओ पर तरीके से। काम कायदे का हो, चाहे फालतू हो। कहानी से लुच्चापन न झांके। लुच्चापन बना रहे, पर झांके न!.... पाठक मुंह फाड़ कर जुमहाइयां लेता रहे, वह उत्तेजित न हो जाए। हिन्दी साहित्य के पाठक की लंगोट की रक्षा करना हमारा प्रथम कर्तव्य है।”(पृ.55) आज की हिंदी कहानी को स्वयं प्रकाश सोवियत संघ और पूर्वी यूरोपीय सत्ताओं के पतन, संचार क्रांति और वैश्वीकरण जैसी परिघटनाओं से प्रभावित मानते हैं। इस माहौल में उनके अनुसार दो तरह की कथा पीढियां सामने आई हैं। एक बाजारवादी पीढ़ी है, जिसको व्यावसायिक पत्र-पत्रिकाओं और प्रकाशकों ने खूब हवा दी है, जबकि दूसरी पीढ़ी प्रगतिशील-जनवादी कहानीकारों की है, जो नवसाम्राज्यवाद के प्रतिरोध में खड़ी है।(पृ.88) हिंदी में व्यंग्य की समृद्ध परंपरा के सूख जाने की पड़ताल के लिए वे हमारे सामाजिक सोच में हो रहे बदलावों की तह में जाते हैं। वे कहते हैं कि अब सब कुछ जान लेने के बावजूद न्याय व्यवस्था बाहुबलियों के समक्ष लाचार नजर आती , इसलिए व्यंग्य का स्थान आक्रोश और गालियों ने ले लिया है। उनके अपने शब्दों में “हम हंसने की सलाहियत खो चुके है।”(पृ.73) हरिशंकर परसाई के बारे में उनकी धारणा बहुत ऊंची है। उनके अनुसार हास्य-विनोद में स्खलित हो चुके व्यंग्य को भारतेंदु युग की गौरवशाली परंपरा से जोड़कर परसाई ने संस्कारित किया और इसे एक स्वतंत्र विधा की प्रतिष्ठा हिलाई। वे मान हैं कि परसाई को यह खास की हैसियत भारतीय जनसाधारण की उनकी गहरी समझ, आडंबरहीनता, करूणा और स्वाभिमान से मिली है।(पृ.91) प्रेमचंद की परंपरा पर कलावादियों के कब्जे के प्रयास पर लिखी उनकी टिप्पणी का स्वर बहुत उग्र है। प्रेमचंद को केवल ‘कफन’ में रिड्यूज करके देखना उनके अनुसार नादानी नहीं, बदमाशी है।(पृ.125) लेखक संगठनों की प्रासंगिकता पर विचार करते हुए वे उनकी समर्थक पार्टियों की भी खबर लेते हैं। उनके अनुसार वामपंथों राजनीतिक दलों ने भी अपनी पहले की चमक और प्रखरता खो दी है और अनेक बातों में उनका सोच और आचरण किसी भी अन्य बूर्ज्वा पार्टी से बहुत ज्यादा भिन्न नहीं दिखाई देता।(पृ.138)

मनुष्य और कहानीकार के रूप में स्वयंप्रकाश के जड़ें अपनी जमीन में है। उनकी सोच-समझ का खाद-पानी इसी जमीन से आता है। वे अपनी धारणाओं की पुष्टि के लिए तर्क अपने पास के दैनंदिन जीवन से ही जुटाते हैं। इस कारण उनका पाठक उनके तर्कों से अनायास सहमत हो जाता है। सोच-विचार की उनकी पद्धति आडंबरहीन है- वे एक के बाद एक सवाल रखते चले जाते हैं और फिर उनके सभी संभावित उत्तर देते हुए युक्तिसंगत निष्कर्ष पर पहुंचते हैं। इस पद्धति में वे विरोधी के तर्क को भी पूरा विस्तार और असहमियत देते हैं। कभी-कभी वे तर्क को खींचकर बहुत दूर तक ले जाते हैं। उनका तर्क का यह खेल देखना हो, तो दलित विमर्श पर लिखी गई उनकी टिप्पणी ‘बात निकलेगी..’ पढ़ना चाहिए। निंदा और सराहना में भी वे कभी-कभी बहुत दूर तक चले जाते हैं। उनकी टिप्पणी ‘प्रेमचंद की परपंरा का सवाल’ इसका अच्छा उदाहरण है। अलग-अलग समय और जरूरतों के लिए लिखी गईं इन आलेख-टिप्पणियों के सोच-विचार में कुछ अन्तर्विरोध रह गए हैं। एक जगह वे साहित्य और कलाओं के अधिरचना होने का हवाला देते हैं(पृ.86) और इनमें हो रहे बदलावों को सहज और स्वाभाविक ठहराते हैं, लेकिन एक दूसरी टिप्पणी में कुछ साहित्यिक विधाओं के लोप पर उनका क्षोभ समझ में नहीं आता। (पृ.57) प्रौद्योगिकी और समाजार्थिक बदलावों से साहित्यिक विधाओं का लोप, अनुकूलन और रूपांतरण सहज-स्वाभाविक है, लेकिन इस टिप्पणी में उनका मिटते जाना उनको व्यथित और चिंतित करता है। इसी तरह हिन्दी भाषा में हो रहे बदलावों की सहजता को लेकर भी वे दुविधाग्रस्त लगते हैं। उनके लिए यह भाषा को भ्रष्ट करना भी है और उसे संप्रेषणीय और अनौपचारिक बनाना भी है।(पृ.69) टिप्पणी ‘आखिर हिंदी नाटक कहां चला गया’ में वे हिंदी में अच्छे नाटक नहीं है की जगह हिंदी में अच्छे नाटक क्यों नहीं है पर विचार करते हैं, लेकिन इसके कारणों की गहराई और विस्तार में जाने के बजाय वे इसका ठिकरा राष्ट्रीय नाटय विद्यालय के फोड़ देते हैं, जो बहुत युक्तिसंगत नहीं लगता। (पृ.45)

हिंदी में सोच-विचार ठोस-ठस भाषा करने का रिवाज है, लेकिन स्वयं प्रकाश के इन आलेख-टिप्पणियों की भाषा ठोस-ठस नहीं है। यह दैनंदिन जीवन के खट्टे-मीठ अनुभवों की आंच में तप कर बनी बोलचाल की व्यंजना और तनाव से भरी-पूरी असरदार भाषा है। दरअसल दैनंदिन जीवन की भाषा के मुहावरे और व्यंजना के इस्तेमाल का जो महारत स्वयं प्रकाश को हासिल है वो हिंदी में अन्यत्र दुर्लभ है। सरयूपारी या और किसी वेरायटी के ब्राह्मण के घर पैदा हो जाते, इनमें से अधिकांश श्री गुलशन नंदा की मौसी के लड़के साबित हो जाऐंगे, जिस देश के राष्ट्रपति को नौकरानी के घाघरे पर वीर्यपात करने में शर्म नहीं आए और उसे लोटा ले लेकर जंगल जाने पर टट्टी नहीं उतरती थी जैसे सीधे दैनंदिन जीवन से उठाए हुए बोलचाल की भाषा के तत्काल असर करने वाले प्रयोग स्वयं प्रकाश के यहीं मिलेंगे।

यदि विचार है तो अक्सर उसका विषय गुरु और गंभीर होगा, उसकी भाषा जटिल और कठिन होगी और यह उबाऊ और नीरस होगा। यह किताब ऐसी तमाम धारणाओं का प्रत्याख्यान करती है। इसमें गंभीरता का आडंबर नहीं है, यह सरल और बोलचाल की भाषा में है और खास बात यह है कि यह पढ़ने के दौरान मनहूसियत के बजाय आनंद और उत्साह का संचार करती है।


समीक्ष्य पुस्तक: स्वयं प्रकाश: एक कहानीकार की नोटबुक, अंतिका प्रकाशन, सी-56/यूजीएफ-IV, शालीमार गार्डन, एक्सटेंशन-II, गाजियाबाद-201005 (उ.प्र.), पहला पेपरबैक संस्करण, 2010, मूल्य: 120 रुपए, पृ.151

Tuesday 8 February, 2011

गत दशक की कुछ किताबें

उत्सव का निर्मम समय: नंद चतुर्वेदी

उत्सव का निर्मम समय कवि और समाजवादी चिंतक नंद चतुर्वेदी की लगभग आधी सदी की काव्य यात्रा की बानगी है। उनकी ये कविताएं गैर बराबरी, अन्याय, शोषण, क्रूरता आदि के विरुद्ध उनके निरंतर संघर्ष की शाब्दिक अभिव्यक्ति है। खास बात यह है कि इन कविताओं में संघर्ष और संकल्प शब्दों से नहीं आता, शब्दों में होता है।’ इन कविताओं में घर-परिवार और आस-पास की मौजूदगी एक ऐन्द्रिक संसार रचती है, जिससे ये पाठकों को अपनी ओर आत्मीय लगती है। नंद चतुर्वेदी इन कविताओं में अस्तित्व के बुनियादी सवालों से भी रूबरू होते हैं। खास बात यह है कि इन कविताओं में जीवन और प्रकृति के प्रति अकुंठ अनुराग का भाव है। जीवन और प्रकृति की गतिविधियां इसीलिए इन कविताओं में सघन है। अतीत इन कविताओं में निरंतर और सघन है। नंद चतुर्वेदी अतीत का इस्तेमाल अपने समय की विरूपताओं को समझने में करते हैं। ये कविताएं कई आंदोलनों के दौर से गुजरी हैं, इसलिए इन पर उनके अलग-अलग प्रभावों की छायाएं देखी जा सकती हैं। अपने कवि कर्म के आरंभिक दौर में नंद चतुर्वेदी ने गीत में हाथ आजमाया था इसलिए गीत के कुछ गुण धर्म इन कविताओं में भी मौजूद हैं और इन्हें लगभग एक तरह के मिजाज वाली हिंदी की समकालीन कविताओं अलग करते हैं।

लीला मुखारविंद: ऋतुराज

लीला मुखारविंद ऋतुराज का आठवां कविता संकलन है और यह उस बात का सबूत है कि इसमें उनकी पहले की ही चिंताएं, संवेदनाएं और सरोकार ही अधिक प्रौढ़ और परिपक्व हुए हैं। ऋतुराज के यहां विचलन नहीं है- वे अपने बुनियादी सरोकारों और संवेदनाओं पर अब भी कायम हैं। यह अवश्य है कि उनकी कविता पहले की तुलना में अधिक गंभीर और विवेकावान हो गई है। इस संकलन की कविताएं जीवन के मूल और सहज रूपों के विरूपीकरण की असलियत को कई तरह से हमारे मन-मस्तिष्क में खोलती चलती हैं। जीवन का विरूपीकरण तो हिंदी की कई और कविताओं में मिल जाएगा, लेकिन इन कविताओं की खास बात यह है कि इनमें इसकी चिंता और अवसाद भी निरंतर है। ऋतुराज को यह चिंता और दुःख निरंतर है कि इस वक्त नदी नहीं है/ और उसकी मांग के बीच नागफनी उगी है। निरंतर संस्कार-परिष्कार और अभ्यास से ऋतुराज अब शिल्प के मामले में सहज और अनायास हैं। इस संकलन की कविताएं अनायास और सहज शिल्प में हैं। लीलाऔर जीवनहमारे समय और समाज में इस तरह से मिल गए हैं कि इनमें अंतर करना मुश्किल हो गया है, लेकिन इन कविताओं से गुजर कर यह अंतर कुछ हद तक समझ में आने लगता है।

साहित्य और संस्कृति: हेतु भारद्वाज

कथाकार, आलोचक और संपादक हेतु भारद्वाज की इस किताब में समय-समय पर साहित्य और संस्कृति पर लिखे हुए और उनके आलेख और टिप्पणियां संकलित हैं। अपने समय के साहित्यिक माहौल और रचनाधर्मिता के साथ इसमें अपने समय की सांस्कृतिक उथल-पुथल पर तोखी और धारदार टिप्पणियां है। साहित्य भी संस्कृति का ही रूप है इसलिए भूमंडलीकरण और आर्थिक उदारीकरण से हुए व्यापक सांस्कृतिक बदलाव से यह अछूता नहीं है। किताब के आलेख और टिप्पणियां साहित्य और संस्कृति में गत दो-तीन दशकों में बदलावों का व्यापक स्तर पर जायता लेते हैं। अपनी सोच में हेतु भारद्वाज अपनी जमीनी जरूरतों को अनदेखा नहीं करते, इसलिए उनके इन आलेख-टिप्पणियों का स्वर हवाई नहीं लगता और अतिवादी भी नहीं होता। यह किताब इस बात का सबूत है कि हिंदी में लेखक की चिंताएं अब केवल साहित्य तक सीमित नहीं है और अब वह व्यापक सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य में सोचता और समझता है और यथा जरूरत इसमें हस्तक्षेप भी करता है। इस संकलन में संस्कृति नीति, साहित्य शिक्षण, वर्तमान सांस्कृतिक संकट आदि कई अछूते विषयों पर इस पुस्तक मे गंभीरता से विचार किया गया है।

ईंधन: स्वयं प्रकाश

स्वयं प्रकाश का ईंधन भूमंडलीकृत अर्थ संस्कृति में सुख और सफलता की दौड़ में शामिल एक ऐसे दंपती की कथा है, जिसे अंत में लगता है कि उसके पास कुछ नहीं है और जीवन व्यर्थ निकल गया है। उपन्यास में दो भिन्न प्रकार की समाजार्थिक पृष्ठभूमि वाले रोहित और स्निग्धा नामक युवक-युवति विवाह करते हैं और इन दोनों के पारस्परिक संबंधों का तनाव और द्वंद्व ही इस उपन्यास की कथा बनता है। स्वयं प्रकाश इन दोनों चरित्रों की मध्यवर्गीय बुनावट की अदृश्य परतें इस तरह खोलते हैं कि नयी अर्थ संस्कृति का यथार्थ सामने आ जाता है। स्वयं प्रकाश वामपंथी हैं और उनकी चिंता विचार और व्यवहार में दूरी पाटने की है। यह चिंता उनके उपन्यास बीच में विनय में भी थी और इस उपन्यास में भी है। यह अवश्य है कि यहां यह पारदर्शी नहीं है। मध्यवर्गीय जीवन के विस्तृत और सूक्ष्म विवरण, जिन पर आम तौर पर हमारा ध्यान नहीं जाता, इस उपन्यास में खूब हैं। भूमंडलीकृत अर्थसंस्कृति की बुनावट इस तरह की है कि यह अपने अस्तित्व और निरंतरता के लिए मनुष्य को बतौर ईंधन इस्तेमाल करती है। यह उपन्यास इस सच्चाई का जीवंत दस्तावेज है। रोहित और स्निग्धा उपन्यास के अंत में नयी अर्थसंस्कृति की अंधी दौड़ से निकलकर नयी शुरुआत करते हैं। चरित्रों की यह स्थिति जीवन नहीं, स्वयंप्रकाश तय करते हैं। उपन्यास की कई खूबियों के बीच बस यही एक कमजोरी अलग से दिखाई पड़ती है।

अन्य होते हुए: नंदकिशोर आचार्य

समकालीन हिंदी कवियों में अलग पहचान रखने वाले नंदकिशोर आचार्य की कविताओं का यह छठा संकलन है। कविता नंदकिशोर आचार्य के लिए हमेशा आत्मावेषण और अस्तित्वगत पहचान का माध्यम रही है। उनकी कविता का शिल्प और मुहावरा बदलता रहा है, लेकिन सरोकार और चिंताएं हमेशा अस्तित्व की ही रही है। इस संकलन की कविताएं भी अस्तित्व से जुड़े बुनियादी सवालों का ही विस्तार है। इन कविताओं में रचना और कला से जुड़ी अन्यथाकरण की समस्या भी कई तरह से आई है। सृजन का रहस्य अन्यथाकरण में इसलिए कवि इन कविताओं में कई तरह से इस प्रक्रिया को समझता-समझता है। इन कविताओं का शिल्प पहले की तुलना में सहज हुआ है। रूपकों, प्रतीकों और सादृश्यों पर निर्भरता इनमें पहले की तुलना में कम हो गई है और दैनंदिन जीवन और उसकी भाषा ही इन कविताओं को गढ़ने में कच्चे माल की तरह इस्तेमाल हुई हैं।

शिगाफ: मनीषा कुलश्रेष्ठ

किसने नष्ट किया जमीन पर बसी एक जन्नत को? कश्मीर को लेकर शिगाफ में यह सवाल पूछने और इससे जुझने का ढंग एकदम अलग है। यह एक संवेदनशील रचनाकार का ढंग है। विस्थापन को अभी तक उस तरह से कमी नहीं समझा गया, जिस रह शिगाफ में समझा गया है। अपनी जमीन से उखड़कर खुली जड़ें लिए भटकने और कहीं भी जम नहीं पाने की मजबूरी का जीवंत आख्यान इस उपन्यास में पहली बार है। शिगाफ का मतलब है दरार। कश्मीर के लोगों के मन में बनी इस दरार की गहराई और विस्तार को मापने के लिए मनीषा ने जो शिल्प ईजाद किया है, वो बहुत प्रभावी, नया और अलग है। समस्या की जटिलता को केवल इस शैल्पिक नवाचार से ही खोला जा सकता है। अमिता का ब्लाग ,यास्मीन की डायरी, मानव बम जुलेखा का मिथकीय कोलाज, अलगाववादी नेता वसीम के एकालाप इन सबके साथ समस्या अपने सभी अयामों, कोणों और मोड़-पड़ावों के साथ उभरती है। उपन्यास की एक और बहुत ध्यानाकर्षक खूबी यह है कि इसमें विवरण और उनका वर्णन बहुत जीवंत और बांधने वाला है। इस लिहाज से यों तो पूरा उपन्यास पठनीय है, लेकिन रोड टू ला मांचाके वर्णन पर तो आप अभिभूत और मुग्ध हो सकते हैं।

धूणी तपे तीर: हरीराम मीणा

उपनिवेशकालीन दक्षिणी राजस्थान के मानगढ़ आदिवासी विद्रोह पर एकाग्र हरिराम मीणा की रचना धूणी तपे तीर को यों तो उपन्यास की संज्ञा दी गई है, लेकिन यह इतिहास और दस्तावेज भी है। गल्प के अनुशासन में होने के कारण यह एक औपन्यासिक रचना है, लेकिन ऐतिहासिक दस्तावेज होने के कारण इसका साहित्येतर महत्व भी बहुत है। यह रचना हिंदी में साहित्य की साहित्येतर अनुशासनों के साथ बढ़ रही निकटता और इससे होने वाली अंतिर्कयाओं की भी साक्ष्य है। यह रचना राजस्थान के दक्षिणी भूभाग में उपनिवेशकाल के दौरान ब्रिटिश-सामंती गठजोड़ के विरुद्ध हुए आदिवासी विद्रोह पर आधारित है। इतिहास के साथ यह कृति एक रचनात्मक आख्यान भी है। लेखक इसमें बहुत कौशल के साथ संयम में रहकर इतिहास को रचना में ढालता है। हिंदी के कहानी-उपन्यासों में क्षेत्रीय भूगोल और प्रकृति की मौजूदगी कभी भी ध्यानाकर्षक और उल्लेखनीय हैसियत नही बना पाई, लेकिन इस रचना में ऐसा हुआ है। दक्षिणी राजस्थान का खास भूगोल और प्रकृति अपनी समग्रता यहां मौजूद हैं। इतिहास और आख्यान के संतुलित और संयमित मेल से बनी इस रचना का आस्वाद पारंपरिक औपन्यासिक रचनाओं से अलग तरह का है।

कहानीः समकालीन चुनौतियां: शंभु गुप्त

हिंदी कथा आलोचना के क्षेत्र में लगभग दो दशकों से सक्रिय शंभु गुप्त की पुस्तक कहानी: समकालीन चुनौतियां में समाकलीन हिंदी कहानी के परिदृश्य का आकलन और आलोचना है। यह पुस्तक कुछ मायनों में खास है। हिंदी में कविता की आलोचना तो शास्त्र और औजार हैं, लेकिन कथा आलोचना के क्षेत्र में इस तरह की सक्रियता नगण्य ही है। यह किताब कुछ हद इस अभाव की पूर्ति करने में सहायक सिद्ध होगी। अक्सर शिकायत की जाती है कि हिंदी कथा आलोचना केवल वस्तुपरक होती है, लेकिन शंभु गुप्त इस किताब में कहानियों की शिल्प प्रविधि की आलोचना को तरजीह देते हैं। कहानी की आलोचना और मूलांकन के लिए शंभु गुप्त अपने कुछ औजार भी गढ़ते है। पाठ, प्रतिबद्ध जीवन दृष्टि और कहानी की योजना में पाठकीय मौजूदगी आदि कुछ ऐसे आधार हैं, जिनके आधार पर इस किताब में उन्होंने कहानियों का मूल्यांकन किया है। पाठ उनके मूल्यांकन का सर्वोपरि आधार है। उनके अपने शब्दों में ‘पाठाधारित आलोचना से अच्छे-अच्छों के भूत भागते हैं।इस किताब की खास बात यह है कि इसमें चर्चित और अच्छी कहानियों के साथ अज्ञात और दोयम दर्जे की कहानियां भी विवेचन के लिए चुनी गई है।

आंखन देखी: दुर्गाप्रसाद अग्रवाल

भूमण्डलीकरण से होने वाली व्यापक सांस्कृतिक उथल-पुथल के बावज़ूद हिन्दी में अभी भी साहित्यिक विधाओं के दायरे बहुत संकीर्ण हैं| उनमें अंतर्क्रिया और रद्दोबदल में वह तेज़ी नहीं आई है, जो अंग्रेज़ी आदि भाषाओं के साहित्य में इधर दिखाई पड़ रही है। साहित्यकार डॉ दुर्गाप्रसाद अग्रवाल की किताब आंखन देखी इस लिहाज़ से अलग किस्म की है. यह विधाओं के बीच अंतर्क्रिया और उठापटक का जीवंत दस्तावेज है. इसमें लेखक अनायास यात्रा वृत्तांत को बीच में छोड़कर संस्मरण पर आ जाता है। यही नहीं वह संस्मरण को भी बीच में छोड़कर जब-तब सभ्यता या संस्कृति की समीक्षा में जुट जाता है। इस तरह जो चीज़ बनती है, ज़ाहिर है, वह हिन्दी की पारम्परिक साहित्यिक विधाओं के संकीर्ण दायरे से बाहर की ठहरती है. यह किताब इस अर्थ में खास है कि हिन्दी की पारम्परिक साहित्यिक विधाओं के अभ्यस्त पाठकों को इसमें एकाधिक विधाओं के मिले जुले, अलग और नए स्वाद को आज़माने का मौका मिलेगा। सराहना और लगभग अभिभूत भाव से लिखी गई इस किताब की खास बात यह है कि इसमें लेखक का नज़रिया आद्यंत तुलनात्मक रहा है. लेखक अमरीका को खास भारतीय दृष्टिकोण से, भारतीय परिप्रेक्ष्य में समझता-परखता है।

एक-एक कदम: भवानी सिंह

भवानी सिंह के कहानी संग्रह एक-एक कदम में उस आदमी की कहानियां हैं जो गांव से शहर आ गया है, लेकिन गांव से संबंध पूरी तरह टूटा नहीं है। एक–एक कदम शीर्षक कहानी में गांव की नयी पंचायती राज व्यवस्था में दलित बसन्ती के सरपंच बन जाने के बाद का चित्र है। कहानी का अन्त रोचक है और एक प्रगाढ़ आशावाद में समाप्त हुआ है। उनकी कहानी सपनों में साइकिल गांव के समग्र यथार्थ का चित्र एक नवयुवक के माध्यम से उपस्थित करती है। गांव में बदलाव आ रहा है लेकिन बदलाव के संक्रमण को स्वीकार करने का साहस गांव के मोतबिरों में कहाँ? सपनों में साइकिल इस कठिन बदलाव का धैर्यपूर्वक रचा गया वृत्तान्त है और यह बदलाव अन्ततः सही दिशा में ले जाएगा। निम्न वर्ग के जीवन और समाज के ये चित्र राजस्थान को सही नजरिये से देखे जाने का प्रस्ताव करते हैं.

सितम्बर में रात: सत्यनारायण

सत्यनारायण आम तौर पर रेत के कंकरीले यथार्थ में प्रेम की खोज में भटकते युवक की कहानियां लिखते हैं लेकिन इस संकलन में गांव उनका केन्द्रीय सरोकार है। संकलन की कहानी हे राम में वे नये दौर में वर्ण व्यवस्था असलियत से रूबरू होते हैं है। दलित उत्पीड़न के बरअक्स दरक रहे ब्राह्मणवाद की कहानियां हिन्दी में नहीं है। सत्यनारायण पुरोहिती कर रहे एक पंडित की कथा कहते हैं जो अब समझ भी रहा है कि जजुमानी का बखत नहीं रहा। मन्दिर के किवाड़ ओढालते-ओढालते चूलों से उसे कीर्तन की नहीं पेट की भूख जैसी आवाजें सुनाई देना अपने आप में एक ऐसा करुण शोक गीत बन जाता है जबकि यह वह राजस्थान है जहाँ अभी भी सामन्ती-ब्राह्मणवादी संस्कार गहरे पैठे हैं। एक जगह पंडितजी कहते हैं- सालो ऐसी भगती भी किस काम की कि भूख से मौत हो शोकगीत में पुरोहित के मुँह सेपरमेसर को भीकोसणे बेसाख्ता निकल जाऐं तो क्या आश्चर्य ?

मीरा एक पुनर्मूल्यांकन: पल्लव

अक्सर कहा जाता है कि मीरा के संबन्ध में ज्ञात कम और प्रचारित ज्यादा है। युवा आलोचक पल्लव द्वारा सम्पादित यह किताब इस कथन का प्रत्याख्यान है। इसमें पहली बार मीरा के जीवन और काव्य का अंत:अनुशासनीय आधार पर मूल्यांकन किया गया है । मीरा पर केन्द्रित इस संकलन में छब्बीस आलेख हैं। यह संकलन इन अर्थों में महत्वपूर्ण है कि भक्तिकाल की कवयित्री मीरा के काव्य को आधुनिक परिप्रेक्ष्य में परखा गया है। मीरा के संदर्भ में साहित्य और इतिहास में बहुत मत वैभिन्न्य देखने को मिलता है। बावजूद इसके मीरा के काव्य में ऐसी स्त्री-चेतना दिखाई पड़ती है, जो अपनी पूर्ववर्ती परंपरा से तो विशिष्ट है ही, आधुनिक स्त्री-विमर्श के पैमानों पर नई राहों का अन्वेषण करती है। पुस्तक में विश्वनाथ त्रिपाठी, मैनेजर पाण्डेय, नवलकिशोर और रामबक्ष सहित नए पुराने अनेक लेखकों मीरा के जीवन और कविता पर नए ढंग से विचार किया है। पंकज बिष्ट का यात्रावृत्त पुस्तक में शामिल किया गया है जो एक संवेदनशील कथाकार की आंख से मीरा के जीवन और उसके देश को देखता है।

इलियट और हिन्दी साहित्य चिंतन: मोहनकृष्ण बोहरा

समालोचक मोहनकृष्ण बोहरा बोहरा की इस बहुप्रतीक्षित पुस्तक में अज्ञेय, डॉ. देवराज, मुक्तिबोध और दिनकर के चिन्तन पर इलियट के प्रभाव का विवेचन है। हिन्दी में समकालीनता का वर्चस्व इतना प्रबल है कि अब अपनी विरासत नए सिर से समझने के प्रयास नही के बराबर हो रहे हैं। यह पुस्तक हमारे निकट अतीत के तीन रचनाकारों नए सिरे से समझने का अवसर सुलभ करवाती है। आजादी के तत्काल बाद के साहित्यकारो की पीढी को इलियट ने गहराई तक प्रभावित किया था। इस पुस्तक इन प्रभावों का सूक्ष्म आकलन और विवेचन किया गया है। इलियट की सैद्धांतिकी सीधी-सीधे इस पुस्तक नहीं है लेकिन विवेच्य रचनाकारों के चिंतन के संदर्भ में उसका उल्लेख निरंतर हुआ है।

पीपल के फूलः चरणसिंह पथिक

युवा कहानी के नये परिदृश्य में चरणसिंह पथिक उन कथाकारों में हैं जो कहानी के देशज संस्कारों से अपने को अलग नहीं होने देते। उनकी कहानियों की अंतर्वस्तु और कहन सीधे ग्रामीण समाज से आते हैं। पीपल के फूल में भूमंडलीकरण के दबावों में बदल रहे भारतीय गांव की कथा हैं पेड़ के बहाने आई है। फिरने वालियां संबंधों में आ रहे सूक्ष्म बदलावों को पहचान है तो मूँछे जातिवादी हठधर्मी आंदोलनों की सीमाएं बताती हैं। उल्लेखनीय है कि यह संकलन चरणसिंह पथिक को एक कथाकार के रूप में सुस्थापित ही नहीं करता, अपितु राजस्थान में रांगेय राघव, आलमशाह खान और स्वयं प्रकाश की पक्षधर्मी कहानियों की विरासत को समृद्ध भी करता है।

कोई तो रंग है: विनोद पदरज

विनोद पदरज हिन्दी के उन कवियों में से हैं जिनके यहां कविता घर-परिवार और पास-पड़ोस के ऐन्द्रिक संसार से बनती है। उनका पहला काव्य संकलन कोई तो रंग है इसका सबूत है। इस संकलन की कविताओं में माता, पिता, बहन, भाई, बेटी दोस्त आदि का संसार मिलकर कविता संभव करते हैं। पदरज की इन कविताओं में इस दुनिया को मानवीय बनाने ललक निरंतर है और यह ललक ही जो इन कविताओं अर्थपूर्ण बनाती है। इन कविताओं की सबसे बड़ी खूबी इनकी आडंबरहीनता और सहज संप्रेषणीयता है। संकलन की पहली ही कविता सरोकार बहुत प्रभावशाली है।